प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जन भवन से निकली साइकिल रैली

जन भवन से निकली साइकिल रैली, कार्मिकों ने दिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

लखनऊ में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत साइकिल रैली निकली। 150 कार्मिकों ने युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

जन भवन से निकली साइकिल रैली कार्मिकों ने दिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

File Photo |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। नशे के खिलाफ जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार की मुहिम में सरकारी तंत्र के साथ आम लोगों की भागीदारी भी बढ़ रही है। इसी क्रम में शनिवार को जन भवन से 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में जन भवन के करीब 150 कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

प्रतिभागियों ने दिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देशन पर साइकिल रैली जन भवन से रवाना होकर लखनऊ के विभिन्न वार्डों से होते हुए पुन: जन भवन पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। रैली के विभिन्न पड़ावों पर जनसमुदाय को नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया गया।

जागरूकता के साथ जनभागीदारी पर जोर

योगी सरकार के कार्यकाल में नशे के खिलाफ जागरूकता को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे सामाजिक भागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। साइकिल रैली इसी सोच का उदाहरण बनी। जन भवन के कार्मिकों ने स्वयं सड़क पर उतरकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विभिन्न जगहों से गुजरने के दौरान रैली ने बड़ी संख्या में लोगों का ध्यान आकर्षित किया और नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूत किया। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने, परिवारों को जागरूक करने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।

साइकिल रैली के जरिए जनसामान्य तक संदेश पहुंचाया

राज्य मद्यनिषेध अधिकारी आर.एल राजवंशी ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। साइकिल रैली के जरिए जनसामान्य तक यह संदेश पहुंचाया गया कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस दौरान राज्यपाल के विशेष कार्य अधिकारी सुधीर एम. बोबड़े, पार्षद नागेंद्र चौहान, पार्षद अमित चौधरी समेत उत्तर प्रदेश के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: कानपुर देहात की श्वेता बनीं पशुपालकों की भरोसेमंद साथी, 300 से ज्यादा बकरियों को दी स्वास्थ्य सेवाएं

Related to this topic: