बिहार के औरंगाबाद जिले में सड़क हादसे में लूना सवार 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में सड़क हादसे में लूना सवार 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित पुनपुन नदी पुल के समीप सोमवार को हुई। मृतक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के गिरा गांव निवासी स्व. गया महतो के पुत्र लालबाबू वर्मा के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गांव के ही चंद्रशेखर पासवान घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, लालबाबू वर्मा सोमवार को गांव से लूना पर सवार होकर ओबरा बाजार जा रहे थे। रास्ते में खरांटी नहर के समीप चंद्रशेखर पासवान भी उनके साथ सवार हो गए। दोनों पुनपुन नदी पुल पार कर रहे थे, तभी औरंगाबाद की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात ट्रक ने उनकी लूना में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से प्रभावित हुए, जिसमें लालबाबू वर्मा की मौत हो गई और चंद्रशेखर पासवान घायल हो गए।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-139 पर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना पर अंचलाधिकारी राकेश शर्मा, थानाध्यक्ष नरोत्तम, एसआई दीपक कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ ने सरकारी प्रावधान के तहत जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। इस हादसे से लालबाबू का परिवार पूरी तरह टूट गया है। करीब 6 वर्ष पहले बीमारी के कारण उनके 22 वर्षीय बेटे की भी मौत हो गई थी। उनकी एकमात्र बेटी गुड़िया कुमारी की शादी हो चुकी है। अब परिवार में उनकी पत्नी कलावती देवी ही रह गई हैं। घटना को लेकर थानाध्यक्ष नरोत्तम कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकले ग्रामीण का नदी में मिला शव