महासमुंद में जून में आबकारी टीम पर हमला कर जब्त शराब लेकर फरार हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। विगत जून माह में आबकारी टीम पर हमला कर फरार हुए पांच आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए हैं। आबकारी टीम द्वारा छापामार कार्रवाई के दौरान उनपर हमला किया गया था जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी जिसके बाद से आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। मिली जानकारी अनुसार विगत 28 जून को झलप शराब भट्टी के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
अवैध शराब की कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने टीम पर किया हमला, जब्त शराब लेकर भागे
गठित दो टीमों ने मौके पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को 60.48 लीटर देशी मदिरा के साथ पकड़ा, लेकिन कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने अन्य साथियों को बुलाकर शासकीय कार्य में बाधा डाली और जप्त शराब को लेकर फरार हो गए। बता दें कि जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पांडे को 28 जून को सूचना मिली थी कि झलप शराब भट्टी के पास कुछ व्यक्ति अवैध शराब की बिक्री कर रहे है। सूचना पर कार्रवाई हेतु दो टीमों का गठन कर छापामार कार्यवाही की गई।
60.48 लीटर शराब बरामद होने के बाद कर्मचारियों से धक्का-मुक्की, धमकी देकर आरोपी फरार
इस दौरान झलप शराब भट्टी के पास चेतन रौतिया, मुकेश कोशले और सेवन जोशी अवैध रूप से शराब बिक्री करते पाए गए जिनके कब्जे से 336 नग (कुल 60.48 लीटर) देशी मदिरा प्लेन शराब बरामद कर विधिक कार्यवाही की जा रही थी। इस दौरान आरोपी अपने अन्य साथियों हेमंत मिर्धा, अवधेश मिर्धा एवं एक नाबालिग को बुला कर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारियों से धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी देते हुए जप्त शराब को लेकर मौके से फरार हो गए थे।
केस दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, नाबालिग के खिलाफ भी कार्रवाई
उक्त घटना पर से आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 114/26 धारा 296,115(2),221,224,238,351(3),121(1),132,3(5) bns अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। आरोपियों की पता तलाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार एवं एक विधि से संघर्षरत बालक के विरूद्ध विधि संम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी-
- 1- हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी आयु 33 वर्ष निवासी झलप।
- 2- चेतन रौतिया पिता स्व. हीरालाल रौतिया आयु 30 वर्ष निवासी झलप।
- 3- सेवन जोशी पिता लक्ष्मीनारायण जोशी आयु 22 वर्ष निवासी पचरी।
- 4- मुकेश कोशले पिता पवन कोशले आयु 28 वर्ष निवासी बबूरडीह।
- 5- अवधेश मिर्धा पिता जंगली मिर्धा आयु 52 वर्ष निवासी झलप।
यह भी पढ़े: सिरोही आबकारी विभाग की कार्रवाई में होटल से भारी मात्रा में शराब-बीयर जब्त, संचालक गिरफ्तार