महासमुंद में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने गांजा तस्करी के मामले में महाराष्ट्र निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 4 किलो गांजा और मोबाइल समेत 2.05 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गांजा तस्करी में संलिप्त महाराष्ट्र के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का गांजा बरामद किया है। पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी को चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर पकड़ा गया।
रेहटीखोल चेक पोस्ट पर पकड़ा गया संदिग्ध, बैग से मिला गांजा
सूचना पर एनएच 53 रोड ग्राम रेहटीखोल चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर संदिग्ध को रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शेख नईम, पिता स्व. शेख सलीम उम्र 30 साल साकिन हबीब नगर अमरावती थाना खोलापुरी गेट जिला अमरावती (महाराष्ट्र) का निवासी बताया। संदेह होने पर पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर मादक पदार्थ गांजा पाया गया।
संबलपुर से अमरावती ले जा रहा था गांजा, 2.05 लाख की संपत्ति जब्त
उक्त गांजा को संबलपुर ओडिशा से अमरावती (महाराष्ट्र) ले जाना बताया। आरोपी से 4 किलोग्राम गांजा कीमती 2 लाख रुपये एवं 1 नग मोबाईल किमती 5,000 रुपये, जुमला कीमती 2 लाख 5 हजार रूपये की सम्पति को जप्त किया गया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
आरोपी का यह कृत्य एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(b) के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। इसके मद्देनजर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना सिंघोड़ा में मामला दर्ज किया है और आगे की वैधानिक विवेचना शुरू कर दी है।
यह भी पढे़ं: जौनपुर में मारपीट के बाद घायल अधेड़ की मौत, मजडिहा गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात