महासमुंद पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का गांजा और ड्रग्स बरामद किया है।
Mahasamund Police Arrest Four Drug Traffickers in Multiple Anti-Narcotics Operations |
महासमुंद,(छतीसगढ़)। जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। कार्रवाई को लेकर पुलिस सूत्रों ने बताया है कि ओड़िशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की योजना बनाने वाले कैमूर बिहार निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवक कार की डिक्की में चैम्बर बनाकर गांजा परिवहन कर रहा था। करीब 19 लाख रुपए मूल्य के गांजा सहित कार को जब्त कर लिया गया है और सिंघोडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक महिला और पुरुष को किया गिरफ्तार
दूसरे मामले में ड्रग्स कैनाबिस की सप्लाई करने वाले एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया गया है, जो कालाहांडी ओड़िशा से ड्रग लाकर महासमुंद जिले के बागबाहरा में पैडलर को देने की योजना बना रखे थे, आरोपी मदन तांडी और शांति तांडी को गिरफतार किया गया है और कोमाखान थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अंतर्राज्यीय सिंडिकेट के फरार आरोपी को हरियाणा से किया गिरफ्तार
वहीं एक अन्य मामले में पूर्व में हुई गांजा तस्करी के प्रकरण में अंतर्राज्यीय सिंडिकेट के फरार आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से ठिकाना बदल बदल कर छिप रहा था, बसना थाना एवं साइबर थाना पुलिस द्वारा राजस्थान निवासी आरोपी राकेश गडसा को गिरफतार किया है। सिंघोडा, बसना और कोमाखान थाना क्षेत्रों में की गई मादक पदार्थों की तस्करी के इन प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म कायम किया जाकर मामलों की विवेचना की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से तीन बाइक सवारों की मौत