प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मैहर में 152 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद

मैहर में 152 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ शहडोल का युवक गिरफ्तार, करीब 6 लाख का माल जब्त

मैहर में अमरपाटन पुलिस ने 152 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद कर शहडोल निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया। एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया, जबकि तीन आरोपी फरार हैं।

मैहर में 152 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ शहडोल का युवक गिरफ्तार करीब 6 लाख का माल जब्त

Maihar: 152 Cough Syrup Bottles Seized, Accused Held With Rs 5.90 Lakh |

मैहर (मध्य प्रदेश)। मैहर अमरपाटन जिला पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरपाटन थाना क्षेत्र से 152 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने शहडोल निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने मौके से एक कार, बाइक और मोबाइल सहित कुल 5.90 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

ग्रामीणों ने पकड़ा, तीन आरोपी बाइक छोड़कर फरार

जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त की देर रात ग्राम छैरहा पहाड़ कॉलोनी में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध ऑल्टो ईको कार (MP 18 ZC 9116) को देखा। शक होने पर जब ग्रामीणों ने कार की तलाशी ली, तो उसमें रखी सफेद रंग की बोरी में भारी मात्रा में ‘ऑनरेक्स’ (Onrex) नशीली कफ सिरप मिली। ग्रामीणों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए कार सवार सूजीत पटेल और उसके साथ मौजूद नाबालिग को मौके पर ही धर दबोचा। इसी बीच बाइक से पहुंचे तीन अन्य संदिग्ध युवक स्थिति भांपकर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

5.90 लाख का माल जब्त, NDPS एक्ट में मामला दर्ज

ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची अमरपाटन पुलिस ने 152 शीशी नशीली कफ सिरप, ईको कार, एक लावारिस मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 5,90,628 रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 472/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 20, 21, 22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

शहडोल का रहने वाला है मुख्य आरोपी

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूजीत पटेल (पिता अच्छेलाल पटेल), निवासी तिखवा, थाना पपौध, जिला शहडोल के रूप में हुई है। वहीं, साथ मिले नाबालिग को विधि-विरुद्ध बालक के रूप में अभिरक्षा में लिया गया है। नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस,यह पूरी कार्रवाई अमरपाटन थाना प्रभारी निरीक्षक विजय परस्ते के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस अब मौके से भागे तीनों फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशीली सिरप कहां से लाई जा रही थी। 

यह भी पढ़ें:   बांदा में 5.5 लाख की स्मैक के साथ कथित तस्कर गिरफ्तार, बाइक से गांव-गांव करता था सप्लाई

Related to this topic: