मैहर के अमरपाटन क्षेत्र में टूटी बिजली लाइन ठीक करते समय करंट लगने से 36 वर्षीय रामसाधु लोनी की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मैहर (मध्य प्रदेश)। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत किरहाई डोंगरी गांव में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में टूटी बिजली लाइन को ठीक करने के दौरान 36 वर्षीय युवक अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसके हाथ और सीने में गंभीर झुलसने की चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अचानक चालू हुई लाइन, करंट की चपेट में आया युवक
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामसाधु लोनी (36), निवासी किरहाई डोंगरी के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार रात गांव में बिजली का तार टूट गया था। अंधेरा होने के कारण बिजली व्यवस्था बहाल करने के प्रयास में रामसाधु स्वयं ही टूटे तार को जोड़ने और उसकी मरम्मत करने लगा। इसी दौरान अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया। रामसाधु इसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ा। हादसा होते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया और परिजनों को सूचना दी।
गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण रामसाधु को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल अमरपाटन के प्रभारी डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक जांच में मृत्यु का कारण बिजली का करंट लगना सामने आया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को अस्पताल की मरचुरी में रखवाया गया है। मंगलवार को आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: सिंघिया पुलिस ने बगीचे में छापेमारी कर 35 कार्टून विदेशी शराब की जब्त, कारोबारी फरार