मैनपुरी में बाइक फिसलकर रजवाह में गिरने से 24 वर्षीय सब्जी विक्रेता कुलदीप शाक्य की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव कछपुरा, अघार निवासी 24 वर्षीय कुलदीप शाक्य पुत्र सर्वेश शाक्य की रविवार सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सब्जी बेचकर चलाता था परिवार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि कुलदीप शाक्य प्रतिदिन अपने खेत से बैंगन तोड़कर मोटरसाइकिल से मैनपुरी बेचने जाते थे। सब्जी बेचकर ही वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को भी वह रोज की तरह मैनपुरी में बैंगन बेचने गए थे। सुबह करीब आठ बजे वापस लौटते समय ओंग-अर्जुनपुर मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर रजवाह में जा गिरी। हादसा देख पास के खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
अस्पताल में तोड़ा दम
राहगीरों की मदद से कुलदीप को मोटरसाइकिल के नीचे से बाहर निकाला गया और सड़क किनारे लिटाया गया। घटना की सूचना परिजन को दी गई। परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मोटरसाइकिल फिसलने से हादसा हुआ है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही जांच
थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक फिसलने से अनियंत्रित होकर रजवाह में गिर गई, जिससे युवक की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े: धमाल 4 ने बॉक्स ऑफिस पर की 15.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग, अरशद-जावेद ने फ्रेंचाइजी को लेकर कही बड़ी बात