बूंदी के गुहाटा गांव में निर्माणाधीन ERCP प्लांट की तीन चिमनियां गिरने से दो मजदूर घायल हुए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
Major Accident at Under-Construction ERCP Plant in Bundi, Three Chimneys Collapse; One Worker Dies |
देईखेड़ा, बूंदी (राजस्थान)। गुहाटा गांव में निर्माणाधीन ERCP प्लांट की कंस्ट्रक्शन यूनिट में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यूनिट में लगी तीनों चिमनियां (सोयला) एक-एक कर नीचे गिर गईं। चिमनियों की चपेट में आने से वहां काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर उपचार के लिए कोटा ले जाया गया, जहां देर शाम उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।
ERCP परियोजना के निर्माण कार्य के तहत कंस्ट्रक्शन यूनिट में चिमनियां
जानकारी के अनुसार गुहाटा गांव में ERCP परियोजना के निर्माण कार्य के तहत कंस्ट्रक्शन यूनिट में चिमनियां लगी हुई थीं। सोमवार को अचानक एक चिमनी से संबंधित उपकरण में तकनीकी खराबी आने के बाद वह गिर गई। इसके बाद एक-एक कर तीनों चिमनियां नीचे आ गिरीं। अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
लंच के समय हुआ हादसा, टला बड़ा नुकसान
बताया जा रहा है कि हादसे के समय मध्याह्न भोजन अवकाश चल रहा था। इसके चलते सामान्य समय की तुलना में मौके पर मजदूरों की संख्या कम थी। इसी वजह से बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। हालांकि चिमनियों की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मजदूरों को प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए कोटा भेजा
हादसे में सावरिया गुर्जर (20) निवासी दुगार, जिला चित्तौड़गढ़ और राम मुकेश नागर (38) निवासी जजावर, जिला बूंदी घायल हुए। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल दोनों को मलबे से बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए कोटा भेजा।
इलाज के दौरान एक मजदूर ने तोड़ा दम
दोनों घायलों को कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। देर शाम उपचार के दौरान सावरिया गुर्जर की मौत हो गई। वहीं राम मुकेश नागर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
प्रशासन-पुलिस की टीम पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही लाखेरी के नायब तहसीलदार जगदीश शर्मा मौके पर पहुंचे। देईखेड़ा पुलिस थाने से भी पुलिस जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो देर शाम तक घटनास्थल पर मौजूद रही।
यह भी पढ़ें: अमेठी में कोचिंग के लिए निकली 15 वर्षीय किशोरी लापता, पुलिस ने दर्ज किया केस