सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने श्रीकृष्ण सेतु पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
मुंगेर (बिहार)। पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीकृष्ण सेतु के समीप से 33 मवेशियों से लदे एक ट्रक को जब्त कर लिया। छापेमारी के दौरान तीन कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। ट्रक की तलाशी के दौरान 33 भैंस बरामद हुईं। जिनमें तीन से चार मवेशी मृत पाए गए। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि बरामद मवेशियों और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ट्रक में मर चुकी थीं चार भैंसें
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार को सूचना मिली थी कि पशु तस्कर ट्रक के जरिए बड़ी संख्या में मवेशियों की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने श्रीकृष्ण सेतु पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जिसमें 33 भैंस लदी मिलीं, इनमें तीन से चार मवेशियों की मौत हो चुकी थी। जबकि अन्य मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर रखा गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के कड़वा गांव निवासी मु. जियाउल हक, अमित कुमार उर्फ मोनू तथा शंकरपुर निवासी राकेश कुमार उर्फ घनश्याम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि मवेशियों को भागलपुर की ओर से ट्रक पर लादा गया था और उन्हें खगड़िया मंडी पहुंचाया जाना था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मवेशियों की खेप कहां से लाई गई थी और अंतिम रूप से किसे पहुंचाई जानी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
इसे भी पढेंः भरत तिवारी मामले में परिवार का प्रशांत किशोर पर पलटवार, 50 लाख के दावे पर सबूत मांगकर माफी की मांग