प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अग्निशमन विभाग के NOC के बिना नहीं चलेंगे संस्थान

रायबरेली में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई , 12 कोचिंग और लाइब्रेरी सील, मचा हड़कंप

लखनऊ हादसे के बाद रायबरेली जिला प्रशासन ने अवैध कोचिंग सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिना फायर NOC और सुरक्षा मानकों के चल रहे 12 कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी सील कर दिए गए हैं।

रायबरेली में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई  12 कोचिंग और लाइब्रेरी सील मचा हड़कंप

कोचिंग संस्थानों को सील करते अधिकारी |

रायबरेली: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग की घटना के बाद पड़ोसी जिले रायबरेली में जिला प्रशासन सतर्क और सख्त हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर 'मौत के मुहाने' पर संचालित हो रहे अवैध कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की।

शहर के कई इलाकों में ताबड़तोड़ रेड

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ रेड कर सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाने वाले 12 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा।

अफसरों की फौज उतरी सड़क पर, संचालकों के छूटे पसीने

मंगलवार को जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की फौज धरातल पर उतरी। जांच टीम में एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, एएसपी आलोक सिंह, एडीएम न्यायिक व आरडीए सचिव विशाल कुमार यादव शामिल रहे। टीम ने जब कोचिंग संस्थानों के भीतर जाकर भौतिक निरीक्षण किया, तो वहां सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह से नदारद मिले। अधिकारियों ने मुख्य रूप से संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास द्वार (इमरेंसी एग्जिट), बिजली की वायरिंग की स्थिति और भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को बारीकी से परखा. इसके साथ ही विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप उपलब्ध संसाधनों की भी जांच की गई।

लापरवाही मिलने पर संस्थानों पर जड़ा ताला

जांच के दौरान आग से बचाव और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त न मिलने पर 12 संस्थानों को मौके पर ही सील करने की कार्रवाई की गई, जिनमें से साईं क्लासेस,​पैराडाइज एकेडमी,​साज कंप्यूटर, जय गणेश, आईएएस अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज,​ साईं कोचिंग, टॉपर एकेडमी,​सेल्फ स्टडी पॉइंट,​अर्पण लाइब्रेरी, शिक्षा एकेडमी,​यज्ञ करियर इंस्टीट्यूट,​योग्यता कंप्यूटर इंस्टीट्यूट ​इसके अतिरिक्त, कई अन्य संस्थानों के संचालकों को कड़े लहजे में तीन दिन के भीतर सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: डीएम

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली उदासीनता अक्षम्य होगी।

अग्निशमन विभाग के NOC के बिना नहीं चलेंगे कोचिंग संस्थान 

डीएम ने निर्देश दिए हैं कि अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त किए बिना कोई भी कोचिंग संस्थान या लाइब्रेरी संचालित नहीं की जाएगी। इसके लिए गठित की गई विशेष टीमें अब रोजाना शहर में चेकिंग अभियान चलाएंगी। मानकों को पूरा न करने वाले और अपंजीकृत संस्थानों को पूरी तरह से बंद करा दिया जाएगा।

Related to this topic: