उदयपुर रेंज में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत डूंगरपुर जिले में कई पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि 10 नए सीआई और 8 नए एसआई की तैनाती की गई है।
Major Police Reshuffle in Dungarpur: 10 New Inspectors and 8 Sub-Inspectors Posted |
डूंगरपुर,(राजस्थान)। उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर रेंज में बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत पूरी रेंज में कुल 56 पुलिस निरीक्षक (सीआई) और 49 उपनिरीक्षक (एसआई) का स्थानांतरण किया गया है। आईजी के इस आदेश से डूंगरपुर जिले के पुलिस महकमे में भी व्यापक स्तर पर बदलाव देखने को मिला है, जहां जिले से कई अधिकारियों की रवानगी हुई है, तो वहीं बड़ी संख्या में नए चेहरों की एंट्री हुई है।
जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर जिले से 6 सीआई और 7 एसआई का अन्य जिलों में तबादला किया गया है। इसके मुकाबले जिले को मजबूत प्रशासनिक गति देने के लिए 10 नए सीआई और 8 नए एसआई की तैनाती डूंगरपुर में की गई है।
जिले से विदा हुए 6 सीआई, मिले 10 नए अधिकारी
डूंगरपुर से स्थानांतरित होने वाले 6 सीआई में साइबर थाने के गिरधारी सिंह को राजसमंद भेजा गया है। वहीं कैलाश सोनी को प्रतापगढ़, अनिल कुमार को सलूंबर, जबकि मदनलाल, अजयसिंह और परमेश्वर पाटीदार को उदयपुर स्थानांतरित किया गया है। दूसरी ओर, जिले को मिले 10 नए सीआई में उदयपुर से चंद्रशेखर, मुकेश मेघवाल, श्याम सिंह और सुरेश विश्नोई शामिल हैं। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ से संगीता बंजारा, बांसवाड़ा से तेजसिंह व रामेशलाल, जयपुर आयुक्तालय से विनोद कुमार व नारायणलाल तथा सीआईडी सीबी से हिमांशु सिंह को डूंगरपुर में पदस्थापित किया गया है।
7 उपनिरीक्षकों का हुआ तबादला, 8 नए एसआई संभालेंगे कमान
इसी तरह उपनिरीक्षक (एसआई) स्तर पर भी बड़ा उलटफेर हुआ है। डूंगरपुर से 7 एसआई का अन्य जिलों में तबादला किया गया है, जिनमें खेमराज, सकाराम, सोमेश्वर और मीना कुमारी को उदयपुर भेजा गया है। वहीं, मोहनलाल व मोहम्मद रिजवान को बांसवाड़ा और मणिलाल को सलूंबर स्थानांतरित किया गया है। इन रिक्तियों के बीच डूंगरपुर में 8 नए एसआई की पोस्टिंग की गई है। अब बांसवाड़ा से कांतिलाल, लक्ष्मणलाल व कालूलाल, चित्तौड़गढ़ से अमृतलाल, उदयपुर से रमेशचंद, सुशीला देवी व देवेंद्र सिंह तथा प्रतापगढ़ से नारायणलाल डूंगरपुर जिले में अपनी सेवाएं देंगे। रेंज स्तर पर हुए इस भारी फेरबदल के बाद अब जल्द ही सभी अधिकारी अपने नए थानों और दफ्तरों में कार्यभार संभालेंगे।
यह भी पढ़ेंः इटावा में छात्रा से कथित छेड़छाड़ के बाद परिवार पर हमला, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज