प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा

रायबरेली में सीमेंट लदे ट्रक में घुसी पिकअप, दोनों वाहनों में लगी आग

लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सोमवार की सुबह भयानक हादसा हो गया।

रायबरेली में सीमेंट लदे ट्रक में घुसी पिकअप दोनों वाहनों में लगी आग

Raebareli Accident: Two Vehicles Engulfed in Fire After Collision |

रायबरेली, (उत्तर प्रदेश): बछरांवा थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सोमवार की सुबह में उस वक्त कोहराम मच गया, जब मौत बनकर दौड़ रही एक तेज रफ्तार पिकअप सीधे सीमेंट लदे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी, कि जोरदार धमाके के साथ पिकअप पलट गई और पलक झपकते ही दोनों वाहन आग के शोलों में तब्दील हो गए। देखते ही देखते हाईवे का एक हिस्सा 'मंजर-ए-कब्रिस्तान' जैसा नजर आने लगा, जहां दोनों गाड़ियां धू-धू कर जल रही थीं और भीतर से आ रही चीखें राहगीरों का कलेजा मुंह को ला रही थीं।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। आग की गगनचुंबी लपटों को देखकर राहगीरों की रूह कांप गई, लेकिन इंसानियत अभी जिंदा थी। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए जलती हुई पिकअप की तरफ दौड़ लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद, आग की लपटों के बीच से चार लोगों को जिंदा बाहर निकाला गया। तब तक चारों बुरी तरह झुलस चुके थे। हादसे में पिकअप में सवार राजेश (35) निवासी साडोरा, जनपद सीतापुर, अमर कुमार (19) निवासी संडीला, जनपद हरदोई, रवि यादव (25) तथा मंगल (20) निवासी कटरा मिर्जापुर झुलस गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस एवं दमकल विभाग

चीख-पुकार के बीच सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को बछरांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, सीतापुर निवासी राजेश की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। उधर, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की भारी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक चुके थे।

लखनऊ-प्रयागराज हाईवे की एक पटरी पर यातायात पूरी तरह ठप 

इस दिल दहला देने वाले हादसे के चलते लखनऊ-प्रयागराज हाईवे की एक पटरी पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लगभग दो घंटे तक गाड़ियों के पहिए थमे रहे। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए रूट को दूसरी लेन से डायवर्ट किया, जिसके बाद यातायात रेंग-रेंग कर शुरू हो सका। बाद में क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया गया, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

घायलों का अस्पताल में इलाज शुरू

बछरांवा थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू करा दिया गया है। हाईवे पर यातायात पूरी तरह सुचारु है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है, तहरीर मिलते ही मामले में सख्त विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः सुंदरपुरा के पास बनेगा खाटू श्याम रेलवे स्टेशन

Related to this topic: