गोवर्धन पुलिस ने अधिकमास मेले में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है।
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। गोवर्धन पुलिस ने अधिकमास मेले में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2500 रुपये के जाली नोट और 5610 रुपये की असली नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
परिक्रमा मार्ग पर चेकिंग के दौरान मिली कामयाबी
प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार को बिछुआ कुंड के पास नए टिर्री परिक्रमा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अलीगढ़ जनपद के थाना इगलास क्षेत्र के गांव नंगला हीरा निवासी सौरभ पुत्र चन्द्रपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुला नकली नोटों के सिंडिकेट का राज
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने योगेश नामक व्यक्ति से 2500 रुपये असली देकर 5000 रुपये के नकली नोट लिए थे। योगेश को यह नकली नोट अजीत नामक व्यक्ति के माध्यम से मिले थे, जबकि नकली नोटों की आपूर्ति अजीत का साला मुकेश करता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी 500 रुपये के पांच नकली नोट बाजार में चला चुका है और अधिकमास मेले की भीड़ का फायदा उठाकर शेष नोट खपाने गोवर्धन आया था।
500-500 के पांच जाली नोट बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के पांच नकली नोट तथा 5610 रुपये की असली नकदी बरामद हुई। मामले में थाना गोवर्धन पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर ट्रक से टकराई बस, 15 यात्री गंभीर रूप से घायल