गनियारी के टिकुरी टोला में आज शनिवार को तब अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन की टीम सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को हटाने के लिए पहुंची।
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गनियारी के टिकुरी टोला में आज शनिवार को तब अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन की टीम सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को हटाने के लिए पहुंची। इस कार्रवाई का विरोध करते हुए हिमांशु सोनी नामक एक युवक अपनी जान जोखिम में डालकर पास ही स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
100 फीट की ऊंचाई पर डटा है युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम जैसे ही बुलडोजर और दलबल के साथ टिकुरी टोला पहुंची, युवक ने विरोध स्वरूप टावर पर चढ़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वह 100 फीट से अधिक की ऊंचाई पर जा पहुंचा। युवक पिछले 2 घंटे से टावर के ऊपर बैठा हुआ है और नीचे उतरने को तैयार नहीं है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई है।
तहसीलदार को बुलाने की कर रहा मांग
टावर पर चढ़ा युवक लगातार अपनी मांग दोहरा रहा है। वह प्रशासन के किसी जिम्मेदार अधिकारी, विशेषकर तहसीलदार को मौके पर बुलाने की गुहार लगा रहा है। युवक का कहना है कि जब तक उसकी सुनवाई नहीं होगी और प्रशासन मकान तोड़ने का निर्णय वापस नहीं लेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस बल युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश दे रहा है, लेकिन युवक अभी भी अपनी जिद पर अड़ा है।
युवक की स्थिति है काफी खतरनाक
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि युवक की स्थिति काफी खतरनाक बनी हुई है। फिलहाल, क्षेत्र में तनाव की स्थिति है और बचाव कार्य के लिए एहतियातन अन्य सुरक्षा बलों को भी सूचना दी गई है। जिला प्रशासन के सामने अब अतिक्रमण हटाने से ज्यादा युवक की जान बचाना प्राथमिकता बन गई है।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में व्यवसायी लूटकांड का खुलासा, देसी कट्टा और बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार