समस्तीपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मगरदही घाट पुल से शनिवार को एक व्यक्ति ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
समस्तीपुर: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मगरदही घाट स्थित नदी पर बने पुल से शनिवार को एक व्यक्ति ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। वहीं इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुल के आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की नहीं हो पाई है पहचान
इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं इस घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
नगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी घटना के बाद शहर के मगरदही घाट के आसपास लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई। वहीं इस संबंध में पुलिस पदाधिकारी ने बताया है कि पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो पाएंगी।
ये भी पढ़ें- अमरपाटन के जंगलों में घूम रहे हाथी 'ई-5' का होगा रेस्क्यू, विशेषज्ञों की निगरानी में बांधवगढ़ ले जाने की तैयारी