मध्यप्रदेश के मंदसौर में कथित आर्थिक विवाद से परेशान एक युवक ने जहरीला पदार्थ पी लिया।
Man Consumes Poison Over Alleged Financial Dispute in Madhya Pradesh, Shares Video Before Incident |
मंदसौर (मध्यप्रदेश)। जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पैसों के लेन-देन को लेकर पैदा होने वाले विवादों की गंभीरता को फिर उजागर कर दिया है। दलौदा थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित आर्थिक विवाद से आहत होकर जहरीला पदार्थ पी लिया। इससे पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। फिलहाल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी
जानकारी के अनुसार, दलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बानीखेड़ी निवासी पर्वत सिंह ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल मंदसौर के श्रीराम मोहन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
सोशल मीडिया पर विडियो वायरल
डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।घटना से ठीक पहले पर्वत सिंह ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो में उसने कृष्ण पाल सिंह उर्फ केपी बन्ना, पप्पू सिंह रनायरा और पुष्पेंद्र सिंह उर्फ सोमू के नाम लेते हुए पैसों के लेन-देन को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
करीब 18 लाख रुपये में शुरू किया था साझेदारी कारोबार
युवक का दावा है, कि उसने साझेदारी के कारोबार में करीब 18 लाख रुपये लगाए थे। साथ ही एक थार वाहन की डाउन पेमेंट के लिए भी करीब साढ़े तीन लाख रुपये देने की बात कही है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।वीडियो में युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे साझेदारी से अलग कर दिया गया और रकम वापस मांगने पर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया।
संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज
उसने खुद को प्रताड़ित किए जाने और धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया तथा न्याय दिलाने की अपील की। इधर, मामले की सूचना मिलते ही दलौदा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः मध्यप्रदेश के मंदसौर में टमाटर के ट्रक से 45 लाख की अफीम बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार