रसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोटेगांवखेड़ा में लकड़ी काटने के विवाद को लेकर एक ग्रामीण युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है।
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश)। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोटेगांवखेड़ा में लकड़ी काटने के विवाद को लेकर एक ग्रामीण युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था रंजीत पटेल
जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय रंजीत पटेल को गुरुवार दोपहर घायल अवस्था में गोटेगांवखेड़ा गांव से लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर करने की सलाह दी थी। इसी दौरान पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए।

परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर लगाए मारपीट के आरोप
कुछ समय बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे और रंजीत से बातचीत की, तभी उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता नेतराम पटेल ने गांव के कमलेश पटेल, गुड्डू पटेल और नारायण पटेल पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ दिनों पहले लकड़ी काटने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते रंजीत के साथ मारपीट की गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के लिए सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी आरोपी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, खजुराहो में टूटा 33 साल पुराना तापमान रिकॉर्ड