जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम असोढ़ में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। कई दिनों से लापता चल रहे एक व्यक्ति का शव गांव के एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
उमरिया {मध्यप्रदेश}: जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम असोढ़ में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। कई दिनों से लापता चल रहे एक व्यक्ति का शव गांव के एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह रही कि शव के साथ उनकी बाइक भी कुएं के भीतर बरामद हुई, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
शादी समारोह में शामिल होने निकले थे घर से
जानकारी के अनुसार ग्राम चिमटा निवासी 58 वर्षीय कामता पटेल, पिता स्वर्गीय सुग्रीम पटेल, एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए 20 जून को घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई
देर रात तक घर नहीं लौटने और लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने अमरपुर चौकी में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद परिवार और ग्रामीण लगातार उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे।
कुएं में शव और बाइक मिलने से मचा हड़कंप
कई दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी बीच सोमवार को ग्राम असोढ़ के माटिहाई हार स्थित एक कुएं में बाइक और एक व्यक्ति का शव दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और ग्रामीणों ने निकाला शव
घटना की जानकारी मिलते ही इंदवार थाना प्रभारी एवं अमरपुर चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक पहचान कामता पटेल के रूप में की गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव में शोक की लहर
मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कामता पटेल की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बाइक को भी कुएं से बाहर निकालकर जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
कई सवाल छोड़ गई घटना
यह घटना अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई है। आखिर कामता पटेल कुएं तक कैसे पहुंचे, बाइक समेत कुएं में गिरने की वजह क्या थी और मौत के पीछे कोई साजिश तो नहीं, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। क्षेत्र के लोग भी अब जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़े: विशाखापत्तनम एक्सप्रेस में मिला 29 किलो गांजा, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई; कीमत 14.50 लाख रुपये