मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में रविवार देर शाम बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में रविवार देर शाम बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना जिले के हीरा नगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर इलाके में हुई। मृतक की पहचान सुरेंद्र साहू के रूप में हुई है, जो अपने 8 वर्षीय बेटे के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आया था।
पार्किंग को लेकर बहस के बाद चाकू से हमला
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी, जोन 3) रामसनेही मिश्रा ने बताया कि, "रविवार देर शाम गौरी नगर क्षेत्र में आयोजित एक शादी की सालगिरह कार्यक्रम में सुरेंद्र साहू शामिल होने आया था। वहां से लौटते समय बाइक पार्किंग को लेकर उनकी 5-6 युवकों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक युवक ने सुरेंद्र साहू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।"
मुख्य आरोपी सहित तीन हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
उन्होंने आगे बताया, "आरोपियों में से तीन को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुरेंद्र साहू अपनी बाइक निकाल रहे थे। इस मामले में अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं। इस घटना में करीब छह आरोपी शामिल हैं। मुख्य आरोपी की पहचान विवेक साहू के रूप में हुई है, जिसने चाकू से हमला किया था और उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।"
परिवार का विरोध प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग
मामले की आगे की जांच जारी है। घटनास्थल पर कई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद थे और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एडीसीपी मिश्रा ने कहा, "हमारी कोशिश है कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। हम मजबूत साक्ष्यों के साथ इस मामले को अदालत में पेश करेंगे। हमारी कार्रवाई जारी है और सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।" इसी बीच, मृतक के परिजनों ने सड़कों को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/indian-railways-announces-908-summer-special-trains/175965
भारतीय रेलवे की बड़ी सौगात: 908 समर स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी