प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बारात गए युवक की संदिग्ध मौत

मंडला में बारात गए युवक की संदिग्ध मौत, नाले में मिला शव

मंडला में शादी समारोह में शामिल होने गए युवक का शव नाले में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।

मंडला में बारात गए युवक की संदिग्ध मौत नाले में मिला शव

Mandla: Man Missing From Wedding Party Found Dead in Drain |

मंडला (मध्यप्रदेश)। मंडला जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात में शामिल होने गए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, वहीं ग्रामीण दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गया था युवक

मंडला जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र के बोरिया नाला में मिले शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान मुगदरा निवासी तारेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तारेंद्र अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए लीमरूआ गांव गया था। जहां देर रात तक वह बारात में मौजूद था, लेकिन अचानक लापता हो गया।

बोरिया नाला में मिला युवक का शव

परिजनों के मुताबिक रातभर उसकी तलाश की गई और सुबह बम्हनी बंजर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। इसी बीच सूचना मिली कि बोरिया नाला में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान तारेंद्र यादव के रूप में की।

शव पर मिले चोट के निशान, गले पर भी संदिग्ध निशान

परिजनों का आरोप है कि शव पर चोट के निशान थे, गले पर भी संदिग्ध निशान दिखाई दिए और दोनों हाथ टूटे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। हैरानी की बात यह है कि मृतक के पास रखे पैसे और जेवर सुरक्षित मिले, जिससे लूटपाट की संभावना से भी इनकार किया जा रहा है।

शादी की खुशियां के बीच पसरा मातम

घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया। जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

वहीं पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें:   डिंडौरी की बेटी को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित, मिला दो स्वर्ण पदक

Related to this topic: