मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सीतामऊ तहसील के ग्राम मऊखेड़ा में रहवासी इलाके में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सीतामऊ तहसील के ग्राम मऊखेड़ा में रहवासी इलाके में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अचानक मगरमच्छ नजर आने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया। दरअसल, ग्राम मऊखेड़ा के रहवासी इलाके में देर रात मगरमच्छ दिखाई दिया।
आबादी के बीच मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप
आबादी के बीच मगरमच्छ की मौजूदगी से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी गई। पुलिस ने सीतामऊ परिक्षेत्र सहायक जितेंद्र सिंह पंवार को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम में वनरक्षक हिमांशु गिरी, कादर, शुभम और परिक्षेत्र सहायक जितेंद्र सिंह पंवार शामिल रहे।
सावधानी से मगरमच्छ का किया गया रेस्क्यू
रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ मगरमच्छ को अपने नियंत्रण में लिया। काफी सतर्कता बरतते हुए टीम ने मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे बसई स्थित चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम की तत्परता से रहवासी इलाके में मौजूद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं, संभावित खतरे को टालने के बाद ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली। इस पूरे रेस्क्यू अभियान में पुलिस और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ा गया मगरमच्छ
ग्राम मऊखेड़ा में आबादी के बीच मगरमच्छ दिखाई देने की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। हालांकि, वन विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में पहुंचा दिया।
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान