मंदसौर में गरोठ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 173 ग्राम MD ड्रग्स और 24.5 किलो से अधिक केमिकल जब्त किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की गई है।
मंदसौर (मध्य प्रदेश)। मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत मंदसौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना गरोठ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 2 तस्करों से 173 ग्राम अवैध MD ड्रग्स और MD निर्माण में उपयोग होने वाले 24.5 किलो से अधिक केमिकल जब्त किए हैं।
खेत पर बने बाड़े में दबिश, MD बनाने की सामग्री बरामद
जानकारी के अनुसार, एसपी विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गरोठ उनि. बलवीरसिंह यादव व उनकी टीम ने ग्राम पावटी निवासी रणजीत सिंह के खेत पर बने बाड़े पर कार्रवाई की। यहां से पुलिस ने MD ड्रग्स बनाने के लिए उपयोग में लाए जा रहे रसायन भी बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य की तलाश जारी
आरोपी रणजीत सिंह पिता पर्वतसिंह सोंधिया राजपूत, उम्र 30 साल, निवासी पावटी और ईश्वर सिंह पिता सोदानसिंह सोंधिया राजपूत उम्र 37 साल, निवासी ढाकनी को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुलिस ने मामले में कुल 6 आरोपियों को नामजद किया है। शेष 4 आरोपियों की तलाश जारी है।
नशा मुक्त मंदसौर की दिशा में पुलिस की कार्रवाई तेज
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के अंतर्गत पुलिस एक ओर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है। वहीं दूसरी ओर नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी की जा रही है। गरोठ पुलिस की यह कार्रवाई नशा मुक्त मंदसौर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ड्रग्स फैक्ट्री से जब्त सामग्री
- अवैध MD ड्रग्स: 173 ग्राम, कीमत 1 लाख 73 हजार रुपये
- हाइड्रोक्लोरिक एसिड: 12 किलो 750 ग्राम, कीमत 12 हजार रुपये
- MMA केमिकल: 6 किलो 460 ग्राम, कीमत 6 हजार रुपये
- MDC केमिकल: 5 किलो 360 ग्राम, कीमत 6 हजार रुपये
- सफेद वेन्यू कार क्रमांक MP14-ZE-2197, कीमत 10 लाख रुपये
- सफेद स्विफ्ट कार क्रमांक MP14-CC-4035, कीमत 6 लाख रुपये
- 4 एंड्रॉयड मोबाइल, कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये
यह भी पढ़ें: झालावाड़ पुलिस की सोशल मीडिया पर सख्ती, खिलौना हथियार के साथ पोस्ट करने वाला गिरफ्तार