नेहरू बस स्टैंड स्थित नाकोडा कॉम्प्लेक्स में दुकानों के ताले तोड़कर लाखों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मंदसौर (मध्यप्रदेश)। मंदसौर शहर में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। नेहरू बस स्टैंड स्थित नाकोडा कॉम्प्लेक्स में दुकानों के ताले तोड़कर लाखों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ करने वाले शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मंदसौर से भागकर राजस्थान में छिपा था आरोपी
खास बात ये है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंदसौर से भागकर राजस्थान पहुंच गया था और सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र के एक लॉज में छिपा बैठा था, लेकिन पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए आखिरकार आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है।
कई दुकानों के ताले तोड़कर की चोरी
दरअसल मंदसौर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल नेहरू बस स्टैंड स्थित नाकोडा कॉम्प्लेक्स में 7 और 8 जून की दरमियानी रात उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब अज्ञात बदमाश ने एक के बाद एक कई दुकानों के ताले तोड़ दिए और मोबाइल सहित कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गया। सुबह जब व्यापारी अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस जांच में राजस्थान भागने की मिली जानकारी
घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी भी देखने को मिली और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग उठने लगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए शहर थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मंदसौर छोड़कर राजस्थान भाग गया है।
पुलिस ने सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से किया गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र में दबिश दी और एक लॉज से आरोपी सुनील शर्मा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कुचड़ौद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 5 एंड्रॉइड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य मोबाइल एसेसरीज बरामद की हैं। इनकी कुल कीमत करीब 83 हजार 500 रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, क्योंकि वह पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है।
यह भी पढ़ें: नाबालिग प्रताड़ना मामले में दोषियों पर FIR की मांग को लेकर IG से मिली कांग्रेस, दी आंदोलन की चेतावनी