औरंगाबाद के सूर्यपुरा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पति और ससुर फरार हैं। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस जांच कर रही है।
औरंगाबाद (बिहार)। संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव की है।मृतका की पहचान उस गांव निवासी अमर चौहान उर्फ बिट्टू की 25 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पति अमर चौहान और उसके पिता तीन वर्षीय मासूम बेटे को साथ लेकर फरार हो गए, जबकि अस्वस्थ सास घर पर ही मिली।
एफएसएल टीम ने की जांच, दरवाजा काटकर निकाला शव
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कराई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने लोहे के कटर से दरवाजा काटकर शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के पिता बिनोद चौहान और मां संगीता देवी जो झारखंड के पलामू जिले के जपला थाना क्षेत्र के खडिहा गांव के रहने वाले हैं। दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बेटी की शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उस समय 11 लाख रूपये नकद तथा करीब पांच लाख रूपये का सामान दिया गया था। इसके बावजूद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर नीलम को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
फोन पर चीख-पुकार सुनने का परिजनों ने किया दावा
परिजनों का दावा है कि घटना से पहले दामाद ने फोन कर बताया था कि नीलम कमरे में खुद को बंद कर रही है। बातचीत के दौरान उन्हें बेटी की चीख-पुकार और मारपीट की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद फोन कट गया और दोबारा संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कमरे का रोशनदान टूटा मिला, जिससे घटना को लेकर साजिश की आशंका और गहरा गई है।
फरार पति और ससुर की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष अजय बहादुर ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फरार पति और ससुर की गिरफ्तारी तथा तीन वर्षीय मासूम बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
यह भी पढ़े: बैतूल में पंचायत कार्यालय के सामने पेड़ से लटका मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी