रायबरेली के बछरावां कस्बे में रविवार देर रात श्रीराम कॉटन बाजार की कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान में सो रहे कर्मचारी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित बछरावां कस्बे में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां कपड़े की एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस भीषण अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
सोते हुए कर्मचारी ने भागकर बचाई जान
रविवार की देर रात जब चारों तरफ सन्नाटा था और लोग गहरी नींद में थे, तभी श्रीराम कॉटन बाजार की इस कपड़े की दुकान में आग भड़क उठी। गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान के भीतर एक कर्मचारी सो रहा था। जब उसे अचानक तेज गर्मी और लपटों का अहसास हुआ, तो वह तुरंत उठ गया और अपनी जान बचाकर किसी तरह बाहर भागा। अगर वह समय रहते बाहर न निकलता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
लाखों का सामान जलकर खाक, नहीं बचा एक भी कपड़ा
आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के अंदर रखे कपड़े और अन्य कीमती सामान आग की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने जब आग की ऊंची लपटें देखीं, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग इतनी भयानक थी कि दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही दुकान का सारा सामान जलकर स्वाहा हो चुका था।
दमकल की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ तबाह हो चुका था। काफी प्रयासों के बावजूद दुकान से एक भी सामान सुरक्षित नहीं बचाया जा सका। फिलहाल, आग लगने के कारणों (शार्ट सर्किट या अन्य किसी वजह) का अभी पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है, पुलिस तथा प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ेंः केएल राहुल की तारीफ में बोले बैटिंग कोच कोटक, कहा- दबाव में भी हमेशा शांत रहते हैं राहुल