बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत झौआ बहियार के वार्ड नंबर 6 में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखे छोड़ने के दौरान दो घरों में भीषण आग लग गई।
मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत झौआ बहियार के वार्ड नंबर 6 में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखे छोड़ने के दौरान दो घरों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते बासो ठाकुर और वेदानंद मंडल के खपड़ैल मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि एक अन्य घर को भी आंशिक नुकसान पहुंचने की खबर है।
पटाखों की चिंगारी से लगी आग
दरअसल, यह घटना मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड स्थित गंगा के दियारा क्षेत्र झौआ बहियार के वार्ड नंबर 6 की है। बताया जा रहा है कि दीपावली के दौरान पटाखे छोड़ने से निकली चिंगारी से खपड़ैल मकानों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अगलगी में बासो ठाकुर और वेदानंद मंडल का घर पूरी तरह जलकर बर्बाद हो गया। घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आग की लपटों से तीसरे घर को भी हल्का नुकसान पहुंचने की सूचना है।
दमकल नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि गंगा के दियारा क्षेत्र में स्थित होने के कारण दमकल की गाड़ी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका। फिलहाल अगलगी में हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। दोनों परिवारों का घरेलू सामान और जरूरी चीजें आग में जलकर नष्ट हो गई हैं।
ये भी पढ़ें: दो मुस्लिम बहनों के निकाह पर नामों को लेकर विवाद, पुलिस से मांगी सुरक्षा