मथुरा के कोसीकलां में पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि एक सिपाही भी गोली लगने से जख्मी हुआ। दूसरा आरोपी फरार है।
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। कोसीकलां थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के रोकने पर दोनों बाइक मोड़कर भागने का किया प्रयास
पुलिस के अनुसार, कोसीकलां थाना पुलिस न्यू कोसी गोपालबाग बाईपास रोड से करीब एक किलोमीटर आगे अजीजपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अजीजपुर की ओर से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे।
बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड की फायरिंग
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख जान से मारने की नीयत से पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान अनीश पुत्र रजक, निवासी गांव आलि मेव, थाना बहीन, जनपद पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
आगे की विधिक कार्रवाई जारी
घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। वहीं उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: महासमुंद में 62.160 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से इंदौर ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार