मथुरा में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान सत्यवीर सिंह की ट्रैक्टर-ट्रॉला की टक्कर से मौत हो गई। जवान अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए।
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। सेना में देश की सेवा कर रहे एक जवान की सड़क हादसे में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। छुट्टी पर घर आया जवान घर के निर्माण के लिए सामान लेने गया था, लेकिन वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। तीन मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
छुट्टी पर घर आए थे सत्यवीर सिंह
घटना थाना फरह क्षेत्र की है। विकासखंड फरह के गांव झुड़ावई निवासी सत्यवीर सिंह भारतीय सेना में जवान के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार वह पिछले सप्ताह ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। घर पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते वह रोजाना जरूरी सामान लाने के लिए फरह कस्बा जाते थे।
ट्रैक्टर-ट्रॉले की टक्कर से जवान गंभीर घायल
सोमवार शाम करीब छह बजे वह फरह से लाइट का सामान लेकर बाइक से अपने गांव झुड़ावई लौट रहे थे। जैसे ही वह परखम गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉले ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यवीर सिंह बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।
आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
एंबुलेंस की मदद से उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें आर्मी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया।
आरोपी चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
सत्यवीर सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी-छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों का कहना है कि सत्यवीर सिंह बेहद मिलनसार और होनहार थे, सेना में रहकर उन्होंने गांव का नाम रोशन किया था। इस संबंध में थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी, RBI लोगो वाली कागज की कटिंग के साथ आरोपी गिरफ्तार