MP News : मंदसौर। जिले के गरोठ क्षेत्र में गांधी सागर के बैकवॉटर इलाके के पास एक खेत में एमडी ड्रग बनाने की यूनिट संचालित की जा रही थी..
MP News : मंदसौर। जिले के गरोठ क्षेत्र में गांधी सागर के बैकवॉटर इलाके के पास एक खेत में एमडी ड्रग बनाने की यूनिट संचालित की जा रही थी। पुलिस ने शनिवार देर रात छापा मारकर 12.50 किलो कच्ची एमडी के साथ बड़ी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कीमत ₹13 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई सुरजना गांव के जंगल क्षेत्र में की गई, जो गरोठ थाना मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर है। सर्च ऑपरेशन पूरी रात चलता रहा।
अवैध एमडी ड्रग यूनिट का खुलासा
पुलिस ने शनिवार शाम करीब 7 बजे ऑपरेशन शुरू किया। आठ से अधिक थानों के वाहन मौके पर पहुंचे। रात करीब 11 बजे मीडिया टीम वहां पहुंची, लेकिन उन्हें ऑपरेशन स्थल से लगभग 2 किलोमीटर पहले रोक दिया गया। यह अवैध ड्रग निर्माण पिछले कुछ महीनों से खेतों के बीच बने एक मकान में चल रहा था, जो आबादी से दूर था। पुलिस ने गैस भट्टियां, स्टील पाइप और केमिकल से भरे ड्रम जब्त किए। गरोठ, शामगढ़, सुवासरा, सीतामऊ, अफजलपुर, मंदसौर और भानपुरा थानों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार यह फैक्ट्री दीपक सिकलीगर के स्थान पर चल रही थी, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। मौके से दीपक लोहार (32) और सुमित लोहार (19) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी सुरजना गांव के निवासी हैं। फिलहाल गरोठ थाना मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर सुरजना गांव के जंगल क्षेत्र में कार्रवाई जारी है।
मशीनें और उपकरण जब्त
मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। इसमें गरोठ डिवीजन के 80 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। उन्होंने पुष्टि की कि जब्त केमिकल एमडी ड्रग बनाने में इस्तेमाल हो रहे थे। मौके से केमिकल मिक्सिंग मशीनें, उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। आरोपियों से एनडीपीएस एक्ट के तहत पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
एक साल पहले ₹50 करोड़ के केमिकल जब्त
जनवरी 2025 में नारकोटिक्स टीम ने गरोठ थाना क्षेत्र के खरखेड़ा गांव में एमडी ड्रग फैक्ट्री पर छापा मारा था। आरोपी संतरे के बाग के बीच ड्रग फैक्ट्री चला रहा था। वहां से एसीटोन, टोल्यून, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम सल्फेट, सोडियम कार्बोनेट, ब्रोमीन वॉटर और एथेनॉल जैसे पदार्थ जब्त किए गए थे। जब्त केमिकल से लगभग 50 किलो एमडी ड्रग बनाई जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹50 करोड़ आंकी गई थी। उस दौरान सज्जन सिंह सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/defence-minister-objects-to-rahul-gandhi-doklam-statement-in-lok-sabha/131588