शाजापुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर भूत-प्रेत बाधा दूर करने का झांसा देकर ₹2.97 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया। पुलिस ने नकदी और मोबाइल भी जब्त किया।
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। जिले की थाना शुजालपुर मंडी पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए ₹2,97,000 की ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
भूत-प्रेत बाधा दूर करने का झांसा देकर महिला से की थी ऑनलाइन ठगी
दिनांक 24 मई को फरियादिया रश्मि सक्सेना (निवासी: कृष्णा नगर, शुजालपुर मंडी) ने थाना शुजालपुर मंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अप्रैल 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर भूत-प्रेत बाधा दूर करने का झांसा दिया और विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से कुल ₹2,97,000 की ठगी कर ली। इस शिकायत पर पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी थी।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस, ₹79 हजार की राशि कराई होल्ड
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों का बारीकी से विश्लेषण किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस ने ठगी गई राशि में से ₹79,000 तुरंत होल्ड कराए। साइबर सेल की मदद से लगातार तलाश जारी रखते हुए तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद इरशाद (पिता: शेर दीन, उम्र: 32 वर्ष, निवासी: इस्लाम नगर, मेरठ, उ.प्र.) को मेरठ से दबोच लिया।
पूछताछ में ठगी कबूल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फेसबुक पर भूत-प्रेत बाधा दूर करने संबंधी पोस्ट डालकर फरियादिया को अपने जाल में फंसाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹1,50,000 नकद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 31 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय शाजापुर में पेश किया जाएगा।
साइबर ठगी का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शुजालपुर मंडी निरीक्षक शिवकुमार यादव, उपनिरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे, प्रधान आरक्षक रंजीत भानेरिया, प्रधान आरक्षक सचिन सिसोदिया, आरक्षक प्रहलाद जाट, आरक्षक संदीप यादव, आरक्षक रविकांत यादव, आरक्षक मांगीलाल लवंशी तथा साइबर सेल से घनश्याम राजपूत एवं आरक्षक राजेश दांगी की सराहनीय भूमिका रही।
यह भी पढ़ें: बैतूल में गौ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप और टवेरा जब्त; 10 गोवंश सुरक्षित बरामद