रायबरेली में उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर एससी-एसटी वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
रायबरेली: उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे ने शुक्रवार को जनपद भ्रमण के दौरान निरीक्षण भवन में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने एससी-एसटी वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
योजनाओं की समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ देने के निर्देश
बैठक के दौरान माननीय सदस्य ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी कारणवश योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए। कुंडे ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
पीड़ितों को त्वरित न्याय और पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को नियमानुसार आवश्यक सहायता और न्याय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की स्पष्ट मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं सुविधाओं से लाभान्वित किया जाए और यह भी सुनिश्चित हो कि किसी भी व्यक्ति के साथ उत्पीड़न अथवा भेदभाव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- SIR को लेकर राजद ने मतदाता सूची से नाम हटाने का लगाया आरोप