उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज पोर्टल का शुभारंभ किया।
UPITS 2026: Minister Kapil Dev Agarwal launches portal, showcases youth skills and entrepreneurship (File Photo) |
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में शुक्रवार को कौशल विकास मिशन के पवेलियन में युवाओं के हुनर और कारोबार की अनूठी तस्वीर दिखाई दी। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज पोर्टल' का शुभारंभ किया। इस पवेलियन में 16 कौशलों के लाइव प्रदर्शन, 'स्किल मंच', उद्योग-शिक्षण संस्थानों के संवाद और प्रशिक्षित युवा उद्यमियों की सफलता की कहानियों के जरिए कौशल को रोजगार से जोड़ने का मंच तैयार किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से युवा, विद्यार्थी, स्टार्टअप और इनोवेटर नए समाधान प्रस्तुत कर सकेंगे।
पारंपरिक कारीगरी और ओडीओपी उत्पादों का प्रदर्शन
पवेलियन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की कारीगरी एक ही छत के नीचे नजर आई। वाराणसी से लकड़ी के उत्पाद, आजमगढ़ से ब्लैक पॉटरी, गोरखपुर से टेराकोटा और बुलंदशहर से सिरेमिक पॉटरी ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा फर्रुखाबाद की जरदोजी, आगरा से चमड़े के उत्पाद और फिरोजाबाद से कांच के सामान प्रदर्शित किए गए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं के विकास को कौशल और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, जिससे युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बन रहे हैं। इस अवसर पर सांसद महेश शर्मा और पूर्व मंत्री सुरेश राणा भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: रूस-भारत संवाद में व्यापार और निवेश पर मंथन, वियतनाम ने संस्कृति और पर्यटन को दिया मंच