मिर्जापुर में गंगा नदी के 200 मीटर दायरे में बिना नक्शा पास कराए बने 8 अवैध मकानों को प्रशासन ने सील कर दिया है। कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। यूपी के मिर्ज़ापुर में गंगा नदी किनारे के दायरे में आने वाले एरिया में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 मकान सील किया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदानी कॉलोनी में गंगा नदी से करीब 200 मीटर के दायरे में बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है।
गंगा किनारे अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का हंटर
नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार के निर्देश पर टीम ने कार्यवाही करते हुए कॉलोनी में बने आठ मकानों को सील कर दिया। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि बिना नक्शा पास कराए किए गए अवैध निर्माण के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद आठ मकानों को सील किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य निर्माणों की भी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी निर्माण नियमों के विपरीत या बिना स्वीकृत मानचित्र के पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्यवाही से रैदानी कॉलोनी में अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।
रात के अंधेरे में भी होता रहा है नव-निर्माण
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। बताते चलें कि यह कोई पहली बार कार्रवाई नहीं हुई है है। इसके पहले भी गुपचुप तरीके से होते आए नव-निर्माण को रोकने के लिए संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई तो की गई लेकिन लेन-देन कर पुनः मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिए जाने से अवैध निर्माण करने वाले लोगों के हौसले बुलंद बने रहे हैं।
यह भी पढ़ें: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सट्टे के कर्ज की चर्चा