बलरामपुर के राजपुर थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता व्यक्ति का शव उसके घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।
बलरामपुर,(छत्तीसगढ़)। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवकी में चार दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव उसके ही घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
काफी सड़ चुका था शव
पुलिस के अनुसार, मुख्य मार्ग स्थित मकान से लगातार दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में पलंग के नीचे व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका था।
पत्नी बीमारी के उपचार के लिए गई थी अंबिकापुर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी पत्नी के साथ इसी मकान में रहता था। घटना के समय उसकी पत्नी बीमारी के उपचार के लिए अंबिकापुर गई हुई थी, जबकि मृतक घर पर अकेला था। चार दिनों से उसके दिखाई नहीं देने के बावजूद किसी को घर के अंदर हुई घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम भी मौके पर पहुंची
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। राजपुर थाना पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः मैहर में सड़क के बीच 10 साल से खड़ा बिजली का खंभा, ग्रामीण परेशान