बछरांवा थाना क्षेत्र के कसरॉवा गांव निवासी मानसिक रूप से कमजोर युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई।
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। बछरांवा थाना क्षेत्र के कसरॉवा गांव निवासी मानसिक रूप से कमजोर युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मानसिक रूप से कमजोर था मृतक
जानकारी के अनुसार, कसरॉवा गांव निवासी रामसमुझ (22) पुत्र रामू मानसिक रूप से कमजोर था। वह मंगलवार रात अचानक घर से कहीं लापता हो गया था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने की शिनाख्त
ग्रामीणों की सूचना पर बछरांवा थाने के प्रभारी निरीक्षक श्याम लाल पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो उसकी पहचान लापता रामसमुझ के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पहले भी एक बार लापता हो चुका था युवक
परिजनों ने बताया कि रामसमुझ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। करीब तीन माह पहले भी वह अचानक घर से लापता हो गया था, जिसकी बछरांवा थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। काफी खोजबीन के बाद वह कानपुर में सकुशल मिला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह इस बार भी लौट आएगा, लेकिन बुधवार सुबह उसकी मौत की खबर आई।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंक
थाना प्रभारी श्याम लाल पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत होने की बात सामने आ रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: आस्था स्थलों के विकास को योगी सरकार ने दी रफ्तार, 8 जिलों की 33 परियोजनाओं पर शुरू हुआ काम