डिंडौरी में मोबाइल दुकान में लाखों रुपये की चोरी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
डिंडौरी,(मध्यप्रदेश)। जिला मुख्यालय में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुरानी डिंडौरी बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित रोशन मोबाइल दुकान को देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया और शटर तोड़कर लाखों रुपए के मोबाइल सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी दुकान संचालक को सुबह हुई, जिसके बाद पीड़ित ने तत्काल डिंडौरी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी।
पास की पंचर दुकान में भी चोरी
बताया जा रहा है, कि चोरों ने पहले पास की एक पंचर दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यहां से चोरों ने सब्बल सहित अन्य लोहे की सामग्री चोरी की और इसी औजार की मदद से रोशन मोबाइल दुकान का शटर तोड़ दिया। इसके बाद दुकान के अंदर प्रवेश कर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर मौके से फरार हो गए।
स्टॉक मिलान के बाद मिलेगी चोरी हुए सामान की जानकारी
घटना की जानकारी के बाद पुलिस को सूचना दी गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, कि दुकान से कुल कितने रुपए का सामान चोरी हुआ है। पुलिस द्वारा जांच और दुकान संचालक के स्टॉक मिलान के बाद ही चोरी हुए सामान की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चोरों ने जिस जगह वारदात को अंजाम दिया, वह शहर का व्यस्त क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में देर रात हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की तीसरी आंख कहे जाने वाले सीसीटीवी कैमरों का भी चोरों में कोई खौफ नजर नहीं आया।
अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय व्यापारियों का कहना है, कि यदि शहर के मुख्य इलाकों में ही चोर इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो आम लोगों और दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ेंः कांवड़ यात्रा 2026 से पहले सहारनपुर में हाई अलर्ट, ट्रैफिक और सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बनाई रणनीति