समाजवादी पार्टी कार्यालय लखनऊ में पूर्व सांसद मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी, विचारक एवं पूर्व सांसद श्रद्धेय मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि पर आज समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय लखनऊ में मनाई गइ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने श्रद्धेय मोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मोहन सिंह के नाती प्रशांत कुमार सिंह ने भी नमन किया।
बाँस देवरिया में भी दी गई श्रद्धांजलि सभा
इसके साथ ही समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, बाँस देवरिया स्थित श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने की तथा संचालन जिला सचिव रामप्रीत यादव ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. मोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके समाजवादी विचारों, संघर्ष एवं योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने साझा किए विचार
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कहा कि मोहन सिंह समाजवादी विचारधारा के प्रखर चिंतक, कुशल वक्ता, लेखक और सिद्धांतों के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने जीवनभर समाजवाद, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष किया। उनका पूरा जीवन समाजवादी आंदोलन के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि मोहन सिंह के विचार और संघर्ष आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं को जनसेवा एवं सामाजिक न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
यह भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप