राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में गुरुवार रात हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में गुरुवार रात हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
तापमान में आई गिरावट
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 34.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो हाल के दिनों की लू जैसी परिस्थितियों की तुलना में काफी कम रहा। गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में मानसून उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ेगा। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कोंकण, गोवा और दक्षिण गुजरात में रेड अलर्ट
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश यादव ने बताया कि मानसून जल्द ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और गुजरात के पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान कोंकण, गोवा और दक्षिण गुजरात में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है, जिसके चलते इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि ओडिशा और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा में भी पहुंचा मानसून
चंडीगढ़ में आईएमडी के निदेशक सुरिंदर पॉल ने पुष्टि की कि मानसून पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून शेष क्षेत्रों को भी कवर कर लेगा, जिससे व्यापक बारिश होगी और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।
ANI
यह भी पढ़े: हैरी केन ने तोड़ा पेले का विश्व कप गोल रिकॉर्ड, इंग्लैंड को दिलाई राउंड ऑफ 16 की टिकट