मुरैना के दिमनी में पुलिस ने खेत में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब 4 लाख रुपये नकद और दो चार पहिया वाहन बरामद हुए।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। दिमनी थाना पुलिस ने बीती रात मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खुले खेत में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 4 लाख रुपये नकद, दो लग्जरी चार पहिया वाहन और ताश की गड्डियां बरामद की हैं।
रात 1:30 बजे खेत को घेरकर 10 जुआरियों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, दिमनी थाना क्षेत्र के बड़ागांव के बाहर खेत में रात के अंधेरे में जुए का फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब 1:30 बजे खेत को चारों तरफ से घेर लिया और मौके से ही जुआ खेल रहे 10 लोगों को पकड़ लिया।
8 ग्वालियर और 2 मुरैना के निवासी, संचालक की तलाश जारी
बताया जा रहा है कि पकड़े गए जुआरियों में 8 ग्वालियर और 2 मुरैना के निवासी हैं। इनमें से कई लोग ग्वालियर से जुआ खेलने के लिए बड़ागांव पहुंचे थे। पुलिस ने मौके से नकदी और वाहनों को जब्त करने के साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा रात में ही आरोपियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि जुए के इस फड़ को कौन संचालित कर रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
यह भी पढ़ें: शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर RPF ASI वीरेंद्र तिवारी ने बचाई महिला की जान, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया सम्मान