मुरैना के बागचीनी गांव में चोरों ने किराना कारोबारी भाइयों के घरों को निशाना बनाकर करीब 50 लाख रुपये का सामान और 18 लाख रुपये नकद चोरी कर लिया, जबकि परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। बागचीनी थाना क्षेत्र के बागचीनी गांव में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। किराना व्यापारी भाई विष्णु अग्रवाल और ओमप्रकाश अग्रवाल के घरों को निशाना बनाकर बदमाश लाखों रुपये का सामान समेट ले गए।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर
बताया जा रहा है कि देर रात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों में रखा करीब 20 तोला सोना, 1 किलो चांदी और 18 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
चोरी के दौरान घर मे सो रहे थे लोग
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस समय चोर घर में चोरी कर रहे थे, उस दौरान परिवार के सदस्य अंदर ही सो रहे थे। बदमाशों ने बेहद सावधानी से वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी।
सुबह 6 बजे चोरी का पता चला
सुबह करीब 6 बजे परिवार के लोगों की नजर घर में बिखरे सामान और टूटे हुए ताले पर पड़ी, जिसके बाद चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही बागचीनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसडीओपी जौरा के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः इटावा के युवक की गुजरात फैक्ट्री हादसे में मौत, चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया