मोतिहारी पुलिस ने वाहन चोरी और नेपाली शराब तस्करी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की बाइक और शराब बरामद हुई।
मोतिहारी (बिहार)। पूर्वी चंपारण पुलिस ने वाहन चोरी और नेपाली शराब तस्करी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
चोरी की बाइक और नेपाली शराब बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलों सहित कुल पांच बाइक, 26.4 लीटर नेपाली देशी शराब और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करता था और बाइक की टंकी व सीट के नीचे गुप्त तहखाना बनाकर नेपाल से शराब लाकर बिहार में तस्करी करता था।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, अन्य सदस्यों की तलाश जारी
इस कार्रवाई में कुंडवा चैनपुर, चिरैया और सिकरहना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और ससुर फरार; दहेज हत्या का आरोप