सोनभद्र के नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर अनियंत्रित सीएनजी ट्रक की जोरदार टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। थाना नौगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना जयमोहिनी पोस्ता के पास उस समय हुई जब एक अनियंत्रित सीएनजी ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जिले के ग्राम औरहवा निवासी 45 वर्षीय सीताराम बिंद अपनी बाइक से नौगढ़ से मधुपुर की तरफ जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरवी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही तोड़ा दम
हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।अचानक हुई इस अनहोनी से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने पीछे मृतक सीताराम पत्नी बदामी तथा दो बेटों—अखिलेश (22 वर्ष) और जनक (18 वर्ष)—को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल परिसर में पहुंचे मृतक के भाई बसंत और अन्य ग्रामीणों को स्थानीय पुलिस ने ढांढस बंधाया।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा भर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का सनसनीखेज आरोप, बंधे हुए हाथों से पेड़ पर लटका मिला शव