नीट पुनर्परीक्षा से पहले नागपुर के एक छात्र के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र नागपुर की जगह 'दुबई' प्रिंट हो गया। NTA की इस बड़ी चूक से छात्र का भविष्य दांव पर लग गया है। पूरी खबर पढ़ें...
नागपुर : नीट की पुनर्परीक्षा में केवल एक दिन शेष है। सभी छात्र अपने-अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर रहे हैं। वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर से एक छात्र और उसके परिवार की चिंता उस समय बढ़ गई, जब NEET पुनर्परीक्षा के प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र नागपुर की जगह दुबई लिखा है। इस परीक्षा में में इतनी बड़ी तकनीकी या प्रशासनिक गलती ने छात्र के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एडमिट कार्ड देखते ही छात्र और अभिभावक हैरान
जानकारी के अनुसार, छात्र पूरे वर्ष डॉक्टर बनने का सपना लेकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। लेकिन, जब प्रवेश पत्र जारी हुआ, तो उसमें परीक्षा केंद्र के रूप में दुबई का पता दर्ज मिला। प्रवेश पत्र देखते ही छात्र और उसके माता-पिता हैरान रह गए और कुछ समय तक उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर क्या करें।
हजारों किलोमीटर दूर का परीक्षा केंद्र होने से तनाव
परीक्षा में केवल एक दिन शेष होने के कारण पूरा परिवार तनाव में है। नागपुर में रहने वाले छात्र के सामने अचानक हजारों किलोमीटर दूर स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की स्थिति असंभव-सी बन गई है। परिवार को आशंका सताने लगी है कि कहीं बेटे की सालभर की मेहनत व्यर्थ न हो जाए।
ई-मेल से दर्ज कराई शिकायत, सुधार का मिला आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने संबंधित परीक्षा प्राधिकरण से संपर्क करने की कोशिश की। कई फोन कॉल, पूछताछ और लगातार प्रयासों के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और परिवार से संपर्क किया। उन्हें ई-मेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए और जल्द सुधार का आश्वासन भी दिया गया।
इतनी बड़ी गलती हुई कैसे?
हालांकि, अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिवार को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि इतनी बड़ी गलती आखिर हुई कैसे? छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में प्रवेश पत्र जारी करने से पहले सभी जानकारियों की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो।