नालंदा में कारोबारी राजीव रंजन के घर सवा करोड़ की डकैती मामले में पुलिस ने कोरबा से 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। 4.72 लाख कैश और सोने के जेवर बरामद हुए।
नालंदा (बिहार)। नालंदा पुलिस कारोबारी राजीव रंजन के घर हुई सवा करोड़ की डकैती मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में शामिल 2 और आरोपियों को छत्तीसगढ़ के कोरबा से गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 4.72 लाख कैश और भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद किए। अब तक इस मामले में 9 बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है।
कोरबा में छापेमारी कर पकड़े गए दो आरोपी, बहनोई के घर छिपा था सोनू
सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने सटीक गुप्त सूचना के आधार पर कोरबा में छापेमारी की। वहां से दीपनगर थाना क्षेत्र के गुलनी गांव निवासी सोनू कुमार और जोरारपुर के धीरज कुमार को पकड़ा। डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद सोनू पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए भाग गया था, जहां उसका बहनोई रेलवे में नौकरी करता है। उसी के घर पर छिपा हुआ था।
आरोपियों से नकदी और सोने के जेवर बरामद, पहले से दर्ज हैं लूट-हत्या के मामले
तलाशी के दौरान धीरज के पास से 1 लाख 72 हजार रुपए नकद बरामद हुए, जबकि सोनू कुमार के पास से 3 लाख कैश, दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, एक लॉकेट और सोने का एक सिक्का बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व से भी लूट हत्या के मामले दर्ज है।
यह भी पढ़े: सहारनपुर में 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार