नरसिंहपुर में पुलिस ने स्टेशनगंज थाना क्षेत्र से दो युवकों को 60.04 ग्राम स्मैक और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत 6 लाख रुपये है। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में स्थानीय पुलिस द्वारा दो युवकों से 60.04 ग्राम मादक पदार्थ जप्त करने का मामला सामने आया है जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की है।
पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
जानकारी अनुसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बताया है कि जिले की स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में अपराध पतासाजी एवं भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को ग्राम नवलगांव रोड पर दो व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल पर बैठे दिखाई दिए। जो पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति वाहन से उतरकर खेत की ओर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम साकेत पिता देवेश सेन, उम्र 24 वर्ष, निवासी तिलक वार्ड, थाना कोतवाली, नरसिंहपुर बताया।
तलाशी के दौरान बरामद हुई स्मैक और मोटरसाइकिल
संदेह के आधार पर विधिवत तलाशी लेने पर साकेत सेन के कब्जे से पारदर्शी पन्नी में सफेद-भूरे मटमैले रंग का पाउडर बरामद हुआ, जिसे उसके द्वारा स्मैक होना बताया गया। मौके पर परीक्षण एवं पहचान की कार्यवाही के बाद बरामद पदार्थ का वजन किया गया, जो 60.04 ग्राम पाया गया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग ₹6 लाख है। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ स्मैक को विधिवत जप्त कर तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की मोटरसाइकिल भी जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रूपए है।
दोनों आरोपी न्यायालय में पेश
पूछताछ एवं मौके पर की गई कार्रवाई में मोटरसाइकिल चालक तरुण पिता बलराम ठाकुर, उम्र 19 वर्ष, निवासी संजय वार्ड, किसानी मोहल्ला, थाना कोतवाली, नरसिंहपुर की भी स्मैक की तस्करी एवं परिवहन में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8(A)(C)/21(B), 29 NDPS Act के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। ओर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में बाईक सवार बदमाशों ने युवक को खींचकर गोलियों से भूना, निर्मम हत्या