प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बिजली विभाग की संपत्ति चोरी

बिजली विभाग की संपत्ति पर चोरों का हाथ साफ, 3 किमी तार और 13 पोल गायब

बिजली विभाग की 11 केवी विद्युत लाइन से करीब तीन किलोमीटर लंबी तार गायब हो गई।

बिजली विभाग की संपत्ति पर चोरों का हाथ साफ 3 किमी तार और 13 पोल गायब

A complaint regarding the matter was lodged with the police |

मध्यप्रदेश। अमरपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की संपत्ति चोरी होने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीण इलाके में बिछी 11 केवी विद्युत लाइन से करीब तीन किलोमीटर लंबी तार गायब हो गई, वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति के लिए रखे गए 13 पोल भी रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। लाखों रुपये की इस चोरी ने विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है।

अभियंता अवनीश कुमार मिश्रा ने किया सिकायत दर्ज

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ अभियंता अवनीश कुमार मिश्रा ने अमरपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि ग्राम बड़छड़ क्षेत्र में 11 केवी कृषि फीडर लाइन की तार अज्ञात लोगों द्वारा काटकर चोरी कर ली गई है। विभाग के अनुसार चोरी हुई एएएसी रैबिट कंडक्टर तार की लंबाई लगभग तीन किलोमीटर है, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

13 पोल भी हुए गायब

मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। ग्राम सुखदास हाई स्कूल रोड के पास विद्युत आपूर्ति के लिए रखे गए 13 पोल भी गायब पाए गए। विभाग ने इन पोलों की कीमत लगभग 32 हजार 500 रुपये बताई है। इस तरह कुल मिलाकर विभाग को करीब 2 लाख 32 हजार 500 रुपये का नुकसान हुआ है।

एक निजी कंपनी से जुड़े व्यक्ति पर शक

सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि शिकायत में कनिष्ठ अभियंता ने एक निजी कंपनी के कार्य से जुड़े व्यक्ति पर शक जताया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है, कि बरही से महरोई मोड़ के बीच 33 केवी विद्युत लाइन का कार्य चल रहा है और इसी कार्य से जुड़े व्यक्ति पर संदेह व्यक्त किया गया है। हालांकि अभी तक किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह केवल शिकायतकर्ता द्वारा व्यक्त किया गया संदेह है।

अपने स्तर पर खोजबीन में नही मिला कोई ठोस सुराग

बताया जाता है कि बिजली विभाग को जब तार और पोल गायब होने की जानकारी मिली तो अधिकारियों ने अपने स्तर पर खोजबीन भी की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर लाखों रुपये की विद्युत सामग्री कैसे गायब हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

बिजली विभाग की सामग्री की सुरक्षा पर उठे सवाल

कनिष्ठ अभियंता अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि विभाग की विद्युत सामग्री चोरी हुई है, जिसकी शिकायत अमरपुर चौकी में दर्ज करा दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग की सामग्री की सुरक्षा को लेकर यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर तीन किलोमीटर लंबी विद्युत तार और 13 पोल जैसी भारी सामग्री बिना किसी की नजर में आए कैसे गायब हो गई। यह सवाल अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ेंः भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला: सुप्रीम कोर्ट का याचिका पर जल्द सुनवाई से इंकार

Related to this topic: