TCS धर्मांतरण मामले की मुख्य संदिग्ध निदा खान को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से फरार चल रही निदा खान को छत्रपति संभाजी नगर से हिरासत में लिया गया।
नासिक, महाराष्ट्र | TCS धर्मांतरण मामले की मुख्य संदिग्ध निदा खान को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से फरार चल रही निदा खान को छत्रपति संभाजी नगर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उसे आज कोर्ट में पेश करने की तैयारी की है।
पहले से दर्ज था मामला, कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार
मल्टीनेशनल कंपनी TCS में कथित धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद यह खुलासा हुआ था कि कंपनी में कार्यरत निदा खान इस पूरे प्रकरण में शामिल थी। मुंबई नाका पुलिस ने इससे पहले कंपनी के HR मैनेजर चैनानी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल हिरासत में हैं।
फरार चल रही थी निदा खान
मामला दर्ज होने के बाद निदा खान लगातार पुलिस से बचती रही और फरार चल रही थी। उसने नासिक रोड कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी भी दी थी। उसके वकीलों ने गर्भवती होने के आधार पर जमानत की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी।
राजनीतिक और पारिवारिक संपर्क भी आए सामने
फरारी के दौरान निदा खान के परिवार से पूर्व सांसद इम्तियाज जमील ने मुलाकात कर समर्थन का भरोसा दिलाया था। वहीं पुलिस ने जांच के दौरान उसके पति को मुंब्रा से हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, लेकिन उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
तीन टीमों ने चलाया था सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की थीं। देवलाली कैंप पुलिस और क्राइम ब्रांच लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार, पुलिस को सूचना मिली कि वह छत्रपति संभाजीनगर में छिपी हुई है, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ लिया गया।
जांच में तेजी की उम्मीद
निदा खान के खिलाफ देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में केस दर्ज है। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच में तेजी आने की संभावना है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इस मामले में कैसे शामिल हुई, फरारी के दौरान कहां रही और किन लोगों ने उसकी मदद की।
रिपोर्टर :- नूर सय्यद
यह भी पढ़े: बस हादसे में पिता-बेटी समेत 3 की मौत
https://www.primenewsnetwork.in/state/bus-accident-claims-3-lives-in-rampur/183590