NSUI के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक सिंह ने NH-343 बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन सड़क में भ्रष्टाचार, अनियमितता को लेकर जिला कलेक्टर से जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बलरामपुर (छत्तीसगढ़)। NSUI के राष्ट्रीय सचिव नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन सड़क कार्य में व्यापक भ्रष्टाचार, अनियमितता, घटिया निर्माण कार्य एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मानकों की अनदेखी को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान उनके साथ युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारी मौजूद रहे।
घटिया निर्माण और नियमों की अनदेखी का दावा
सिंह ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा है। मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण एवं डामरीकरण कार्य अत्यंत निम्न स्तर का किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती एवं गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से कार्य को पेटी कॉन्ट्रैक्ट में देकर स्थानीय स्तर पर बिना तकनीकी मानकों के निर्माण कराया जा रहा है।

निर्माण सामग्री और अवैध उत्खनन पर सवाल
पदाधिकारियों ने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच नियमित रूप से नहीं की जा रही है तथा कई स्थानों पर बिना उचित कम्पेक्शन एवं परीक्षण के कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी एवं मोरम का उपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे शासन को राजस्व हानि होने के साथ पर्यावरणीय नुकसान भी हो रहा है।
खराब सड़क से लोगों को हो रही परेशानी
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि निर्माणाधीन सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। जगह-जगह गड्ढे, धूल एवं उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों एवं यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित पानी छिड़काव एवं सुरक्षा संकेतकों की व्यवस्था भी नहीं की जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। युवा कांग्रेस एवं एनएसयुआई नेताओं ने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो तथा दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।

सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
साथ ही अवैध उत्खनन एवं नियम विरुद्ध पेटी कॉन्ट्रैक्ट की भी जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रतीक सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिवस के भीतर ठेकेदार एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों पर जनहित में कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में युवा कांग्रेस एवं एनएसयुआई द्वारा अनिश्चितकालीन “काम रोको आंदोलन” एवं चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस महासचिव नीरज गुप्ता, जनपद सदस्य सी.बी. सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जीत गुप्ता,जिला उपाध्यक्ष NSUI निशांत चौबे, अबरार अंसारी, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष संदीप सिंह, राजा साहू एवं आयुष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: मुनाफावसूली के कारण शेयर बाजार गिरकर बंद हुए, 142 अंक टूटा सेंसेक्स