प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

झाड़-फूंक के शक में बुजुर्ग की हत्या

झाड़-फूंक के शक में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक गांव के 22 वर्षीय युवक ने अपने पिता की मौत को बुजुर्ग की झाड़-फूंक से जोड़ते हुए वारदात को अंजाम दिया।

झाड़-फूंक के शक में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या आरोपी गिरफ्तार

झाड़-फूंक के शक में बुजुर्ग की हत्या |

रायबरेली: जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के पालकीहार मजरे चिचौली गांव में शनिवार देर रात एक बुजुर्ग की बेरहमी से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात को गांव के ही 22 वर्षीय युवक ने अंजाम दिया, जिसे शक था कि तीन साल पहले उसके पिता की मौत वृद्ध की झाड़-फूंक के कारण हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज सात घंटे के भीतर आरोपी को आलाकत्ल (कुल्हाड़ी) और नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

​सिर पर मिले कुल्हाड़ी के निशान

पालकीहार मजरे चिचौली निवासी रामलखन पासी (60) पुत्र चितई की पत्नी का निधन नौ वर्ष पहले हो गया था। पत्नी की मृत्यु के बाद से रामलखन गांव के बाहर नहर के किनारे झोपड़ी बनाकर अकेले रहते थे और पास ही में स्थित मंदिर में सेवादारी करते थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे झोपड़ी के बाहर उनका लहूलुहान शव पड़ा मिला, जिसके सिर के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी के गंभीर निशान थे।

झाड़-फूंक से पिता की मौत का शक

एसपी रवि कुमार, सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी और जगतपुर थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि रामलखन नशेड़ी थे। पुलिस ने गांव के नशेड़ियों की धरपकड़ शुरू की तो गांव के ही 22 वर्षीय शिवम कुमार उर्फ पुष्पेंद्र कुमार पासी को हिरासत में लिया गया। सीओ डलमऊ के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि तीन साल पहले उसके पिता रामविलास की मौत हो गई थी, जिसका कारण वह रामलखन की झाड़-फूंक को मानता था। शनिवार रात वह झोपड़ी पहुंचा और सो रहे रामलखन को बाहर बुलाकर सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ दो वार कर दिए।

आरोपी की निशानदेही पर कुल्हाड़ी बरामद

आरोपी की निशानदेही पर नहर में फेंकी गई कुल्हाड़ी और उसके घर से चिलम व गांजा बरामद किया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाहर नौकरी करने वाला बेटा राममिलन खबर मिलते ही घर के लिए निकल पड़ा, वहीं शादीशुदा बेटी सन्नो देवी रो-रोकर बदहवास हो गई। 

ये भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर बनाया गर्भपात का दबाव
 

Related to this topic: